Maharajganj News video : सात साल से फरार 25 हजार का इनामी गैंगस्टर चार्ली गिरफ्तार, दो देशों में फैला था आपराधिक नेटवर्क
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नेपाल और भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में सात साल से सक्रिय और कानून को चकमा देकर फरार चल रहा 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी कन्हैया उर्फ चार्ली आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। गैंगस्टर एक्ट समेत हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, चोरी और फर्जीवाड़ा जैसे गंभीर अपराधों में वांछित चार्ली को पुलिस ने बरगदवा क्षेत्र के महावनाला बगीचा से गिरफ्तार किया। नेपाल के नवलपरासी जिले का निवासी चार्ली लंबे समय से महराजगंज पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस की माने तो चार्ली का नेटवर्क दोनों देशों में फैला था और वह संगठित गिरोहों के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था। एसपी सोमेन्द्र मीना के नेतृत्व में चल रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई हुई। इस विशेष ऑपरेशन में एएसपी आतिश कुमार सिंह और सीओ नौतनवा जयप्रकाश त्रिपाठी के निर्देशन में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तारी के दौरान बरगदवा और ठूठीबारी थानों के तेजतर्रार पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
चार्ली के खिलाफ ठूठीबारी और निचलौल थानों में कुल 10 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।
मु0अ0सं0 129/2018 (गैंगस्टर एक्ट)मु0अ0सं0 097/2018 (धारा 307 – हत्या का प्रयास) मु0अ0सं0 93/2018 (धोखाधड़ी व फर्जीवाड़ा)
गिरफ्तारी के बाद चार्ली को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। एसपी सोमेन्द्र मीना ने बताया कि यह गिरफ्तारी सीमा क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें : संपत्ति विवाद में खून का रिश्ता हुआ तार-तार, पोते ने दादा का गला रेतने की कोशिश